हरिद्वार, 22 जून। महार्षि विद्या मंदिर, हरिद्वार में आयोजित सीपीडी कार्यक्रम-2026 के प्रथम दिवस पर शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सीबीएसई जिला समन्वयक एवं माउंट लिटेरा ज़ी स्कूल के प्रधानाचार्य श्री श्रीनिवास राव रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक परंपरा के अनुसार गुरु पूजन एवं ट्रान्सेंडेंटल मेडिटेशन के साथ हुआ। विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री राजीव त्यागी ने सभी प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए कहा कि सतत अधिगम ही एक सफल शिक्षक की पहचान है।
अपने संबोधन में श्री श्रीनिवास राव ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए शिक्षकों का निरंतर प्रशिक्षण अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने सुरक्षित एवं समावेशी विद्यालय वातावरण के निर्माण पर विशेष बल देते हुए कहा कि प्रत्येक विद्यार्थी को सीखने के समान अवसर मिलने चाहिए।
प्रथम दिवस में विद्यार्थियों के स्वास्थ्य, शिक्षक विकास तथा शिक्षा में नैतिक मूल्यों की भूमिका जैसे विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई। कार्यक्रम ने प्रतिभागियों को नई ऊर्जा एवं दृष्टिकोण प्रदान किया।
