हरिद्वार। महार्षि विद्या मंदिर में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में भव्य योग कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को योग के महत्व से परिचित कराना तथा स्वस्थ जीवन के प्रति जागरूक बनाना था।
योग प्रशिक्षण सत्र में श्रीमती ममता मलिक एवं श्री भूपेंद्र सिंह (पीटीआई) ने सभी प्रतिभागियों को सूर्य नमस्कार, प्राणायाम एवं अन्य महत्वपूर्ण योगासनों का अभ्यास कराया। उन्होंने बताया कि योग से शरीर में ऊर्जा का संचार होता है, रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है तथा मानसिक तनाव कम होता है।
विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री राजीव त्यागी ने अपने प्रेरणादायी संदेश में कहा, “योग भारतीय संस्कृति की अनमोल देन है। नियमित योगाभ्यास से व्यक्ति स्वस्थ, अनुशासित और आत्मविश्वासी बनता है। हमें योग को केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए।”
कार्यक्रम में उपस्थित सभी शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने नियमित योग करने का संकल्प लिया तथा स्वस्थ भारत के निर्माण का संदेश दिया।
