हरिद्वार। महर्षि विद्या मंदिर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने विभिन्न सांस्कृतिक गतिविधियों में भाग लेते हुए भगवान श्रीकृष्ण के जीवन एवं उनकी शिक्षाओं को प्रस्तुत किया। नन्हे बच्चों ने कृष्ण और राधा के रूप में सजकर अपनी मासूमियत और आकर्षक वेशभूषा से समारोह में चार चांद लगा दिए।
विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री राजीव त्यागी ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जीवन विद्यार्थियों को प्रेम, मित्रता, सेवा, अनुशासन और कर्तव्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि बच्चों में सांस्कृतिक एवं नैतिक मूल्यों का विकास करने के लिए विद्यालय में समय-समय पर ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं।
उन्होंने कार्यक्रम में भाग लेने वाले सभी विद्यार्थियों और शिक्षकों की सराहना की। जन्माष्टमी समारोह के दौरान विद्यालय परिसर में उत्साह और उमंग का वातावरण रहा तथा बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियां सभी के आकर्षण का केंद्र बनी रहीं।
