नैनीताल जिले में पर्यटन और आधारभूत ढांचे को मजबूत बनाने के लिए राज्य सरकार द्वारा कई महत्वाकांक्षी परियोजनाएं संचालित की जा रही हैं। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के तहत झीलों के संरक्षण, पार्किंग व्यवस्था के विस्तार और पर्यटकों को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से करोड़ों रुपये की योजनाओं पर कार्य किया जा रहा है।
इन परियोजनाओं की समीक्षा के लिए आवास एवं राज्य सम्पत्ति विभाग के सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने विभिन्न विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने भीमताल और नौकुचियाताल में प्रस्तावित सौंदर्यीकरण कार्यों, कमलताल क्षेत्र के विकास, भवाली में मल्टीलेवल पार्किंग परियोजना तथा नैनीताल नगर में प्रस्तावित अत्याधुनिक पार्किंग सुविधाओं का जायजा लिया।
सचिव ने कहा कि बढ़ते पर्यटन दबाव को देखते हुए यातायात और पार्किंग की समस्याओं का समाधान आवश्यक है। इसी दिशा में बड़े स्तर पर पार्किंग निर्माण कार्य किए जा रहे हैं। मल्लीताल क्षेत्र में प्रस्तावित सरोवर पार्किंग और नैनीताल क्लब के समीप ऑटोमेटेड पार्किंग परियोजना शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन परियोजनाओं में कार्य प्रगति पर है, उन्हें तेजी से पूरा किया जाए और जिन परियोजनाओं का कार्य प्रारंभ नहीं हुआ है, वहां आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर जल्द निर्माण शुरू किया जाए। सचिव ने कहा कि इन योजनाओं के पूरा होने के बाद नैनीताल में आने वाले लाखों पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी तथा स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
राज्य सरकार का मानना है कि पर्यटन और पर्यावरण संरक्षण के बीच संतुलन स्थापित कर ही उत्तराखंड को सतत विकास के मार्ग पर आगे बढ़ाया जा सकता है। इसी सोच के साथ नैनीताल जिले में विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जा रहा है।
